चमोला नाथ मंदिर उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित है। यह मंदिर भगवान शिव जी को समर्पित है। चमोला नाथ मंदिर का इतिहास अत्यंत प्राचीन माना जाता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, बहुत साल पहले यहां भूमि के नीचे से दिव्य मूर्तियाँ प्रकट हुई थीं। इसके बाद लोगों ने इस स्थान को पवित्र मानकर मंदिर का निर्माण कराया। कहा जाता है कि चमोली नगर का नाम भी इसी देवता चमोला नाथ के नाम पर पड़ा। मंदिर का निर्माण 1946 में हुआ।
चमोला नाथ मंदिर की वास्तुकला पारंपरिक पहाड़ी शैली को दर्शाती है। मंदिर पत्थरों और लकड़ी से निर्मित है, जो इसे अत्यंत आकर्षक बनाती है। मंदिर का आकार षट्भुजाकर है।
भगवान शिव के प्रति आस्था
यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है और स्थानीय लोग उन्हें चमोला नाथ के रूप में पूजते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहाँ सच्चे मन से की गई पूजा अवश्य स्वीकार होती है। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा और भव्य आयोजन किए जाते हैं। सावन के महीने में भी यहां बहुत भीड़ देखने को मिलती है।
धार्मिक मेले
चमोला नाथ मंदिर में समय-समय पर धार्मिक मेलों और उत्सवों का आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों में स्थानीय लोग पारंपरिक वेशभूषा पहनकर लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत करते हैं।
चमोला मंदिर उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का अमूल्य हिस्सा है। यहाँ आने वाले श्रद्धालु स्थानीय संस्कृति को क़रीब से देखने और समझने का अवसर प्राप्त करते हैं।
