नारायण की तपोभूमि बद्रीनाथ धाम उत्तराखंड

नारायण की तपोभूमि जहाँ अलकनंदा के तट पर खुलते हैं मोक्ष के द्वार: बद्रीनाथ

बद्रीनाथ धाम उत्तराखंड के चमोली ज़िले में अलकनंदा नदी के तट पर स्थित भगवान विष्णु का अत्यंत प्रिय मंदिर है। यह चारधाम यात्रा का मुख्य केंद्र और वैष्णव भक्तों का सबसे महत्वपूर्ण आस्था स्थल माना जाता है।

बद्रीनाथ नाम की पौराणिक कथा

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु यहाँ तपस्या में लीन थे। तपस्या करते समय उन्हें ठंड लगने लगी और उस समय माता लक्ष्मी ने उन्हें ठंड से बचाने के लिए एक बद्री वृक्ष का रूप धारण किया और उनकी रक्षा की। इसी कारण इस स्थान का नाम “बद्री” पड़ा, अर्थात् बद्री वृक्षों के स्वामी। यह कथा भगवान विष्णु के और माता लक्ष्मी के दिव्य प्रेम और समर्पण का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करती है।

मंदिर का ऐतिहासिक महत्व

बद्रीनाथ मंदिर का पुनःनिर्माण आदि गुरु शंकराचार्य ने 8वीं शताब्दी में करवाया था। मंदिर की वास्तुकला अत्यंत आकर्षक है और इसका रंगीन स्वरूप भी दूर से ही श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। मंदिर के गर्भगृह में भगवान बद्रीनारायण की श्यामवर्णी मूर्ति स्थापित है, जो कि ध्यान मुद्रा में विराजमान है। यह मूर्ति शालिग्राम शिला से बनी मानी जाती है, जो इसकी पवित्रता को और बढ़ाता है।

तप्त कुंड का धार्मिक महत्व

मंदिर के समीप स्थित है एक तप्त कुंड जिसे अत्यंत पवित्र माना जाता है। श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश करने से पहले इस कुंड में स्नान करना पसंद करते हैं। मान्यता है इस जल से स्नान करने से शरीर और आत्मा दोनों शुद्ध हो जाते हैं।

आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थल

बद्रीनाथ धाम के आसपास नारद कुंड, चरणपादुका, और माता की मूर्ति जैसे कई पवित्र स्थल स्थित हैं, जिनका दर्शन यात्रा को और अधिक फलदायी और महत्वपूर्ण बना देता है।

नीलकंठ पर्वत की दिव्यता

बद्रीनाथ धाम के पीछे स्थित है नीलकंठ पर्वत इस स्थान की पवित्रता और सुंदरता को और बढ़ा देता है। सूर्योदय के समय यहां का दृश्य अत्यंत मनमोहक होता है।

दर्शन का सही समय

बद्रीनाथ के कपाट हर वर्ष अप्रैल या मई में खुलते हैं और नवंबर तक खुले रहते हैं। सर्दियों में भगवान बद्रीनाथ की पूजा जोशीमठ में की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top